कांग्रेस की राज्यस्तरीय भारत जोड़ो पदयात्रा की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू से होगी

रांची। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा केरल के बाद अभी कर्नाटक राज्य में है. जिन 12 राज्यों से राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा को गुजरना है उसमें झारखंड नहीं है. इसके बावजूद झारखंड कांग्रेस के नेताओं में भारत जोड़ो पदयात्रा को लेकर काफी उत्साह है.

सोमवार से झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी जिला के उलिहातू से राज्यस्तरीय भारत जोड़ो पदयात्रा शुरू करने जा रही है. इस भारत जोड़ो पदयात्रा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड में भारत जोड़ो यात्रा के संयोजक सुबोधकांत सहाय सहित बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं.

विधायकों को पदयात्रा में शामिल होने का निर्देश

कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिन्हा ने बताया कि 10 अक्टूबर से शुरू हो रही उलिहातू से कोकर बिरसा मुंडा की समाधि स्थल तक की पदयात्रा होगी. यह पदयात्रा दो दिन में पूरी की जाएगी. उलिहातू से शुरू हुई यात्रा पहले दिन सैंबो तक आएगी और अगले दिन यह रांची तक यह पदयात्रा पूरी होगी. इस पदयात्रा के दौरान कांग्रेस के नेता जगह जगह स्थानीय लोगों, युवाओं से महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दे पर चर्चा की जाएगी. पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की, मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की सहित अन्य विधायक, प्रदेश प्रवक्ता सतीश मुंजनी सहित कई नेता भी पदयात्रा में भाग लेंगे.

धरती आबा की जन्मस्थली उलिहातू से रांची समाधि स्थल तक होगी पदयात्रा

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि 10 अक्टूबर से भारत जोड़ो यात्रा की राज्यस्तरीय भारत जोड़ो पदयात्रा शुरू हो रही है. इसमें नए प्रखंड अध्यक्षों में भारत जोड़ो पदयात्रा को लेकर जो उत्साह दिख रहा है. यही वजह है कि इस यात्रा के बाद सभी जिलों में भी पदयात्रा शुरू होगी, जिसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी. वहीं प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने माना कि कांग्रेस राज्य में ग्रासरूट से थोड़ी कट गई है. ऐसे में झारखंड में भारत जोड़ो पदयात्रा से पार्टी को ग्रास रुट तक अपनी पकड़ बनाने में मदद मिलेगी और पार्टी सशक्त होगी.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *