लोहरदगा। भंडरा छोटा अंबेरा के लड़ाई टोंगरी में पहुंचे हाथी के झुंड ने जमकर आतंक मचाया।हाथी के कुचलने से तीन लोगो की मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय लालमन महतो, 27 वर्षीय झालो उरांव व 18 वर्षीय सकून उर्फ नेहा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि समूह से बिछड़कर आए जंगली हाथी के द्वारा 3 लोगों की कुचलकर हत्या कर दी गई। जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद हाथी गांव के बगल में स्थित झाड़ी नुमा पतरा में रुका हुआ है। घटना के बाद आसपास के गांव के लोग भारी संख्या में जमा हो गए हैं। भंडारा बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे हुए हैं। वन विभाग के कर्मी भी घटनास्थल पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। वन विभाग का कहना है कि फिलहाल हाथी बहुत गुस्से में है। शाम होने के बाद रात में हाथी को जंगल की ओर ले जाने का प्रयास किया जाएगा। सीओ दिनेश कुमार गुप्ता, बीडीओ रंजीत कुमार सिन्हा ने दुख व्यक्त करते हुए ग्रामीणों को धैर्य बनाकर रखने एवं हाथी से दूरी बनाकर रहने का निर्देश दिया। प्रभावित लोगो को हर संभव मदद करने की बात प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा कही जा रही है। इधर घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि हाथी अहले सुबह 5 बजे गांव में पहुंचा। सुबह कुहासा होने के कारण विजिबिलिटी कम थी। जिसके कारण हाथी लोगों को नजर नही आई। बताया जाता है कि सुबह में गांव के लोग नित्यक्रिया के लिए घरों से बाहर निकले थे। इसी क्रम में हाथी के सामने जो भी मिला उसे हाथी ने कुचल कर मार दिया। कुछ लोग जान बचा कर भागे। वन विभाग ने बताया कि मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये वन विभाग द्वारा दिया जाएगा। वही कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 4 लाख का मुआवजा वन विभाग के द्वारा दिया जाएगा।
समूह से बिछड़ा हाथियों का झुंड, तीन लोगों को कुचला, मौत
