लोहरदगा। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा जिला समिति की बैठक बुधवार को कार्यकारी जिला अध्यक्ष अमर किन्डो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में केन्द्रीय समिति के अध्यक्ष राजू महतो, वरीय उपाध्यक्ष अश्विनी कुजूर, महासचिव कयूम खान आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। मौके पर केन्द्रीय अध्यक्ष राजू महतो ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा जल्द आंदोलनकारी कल्याण कोष का गठन और आंदोलनकारी कॉरिडोर का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा वर्षों से जेल जाने की बाध्यता समाप्त करते हुए सभी आंदोलनकारियों को समान रूप से मान-सम्मान, नियोजन पेंशन, आंदोलनकारी कल्याण कोष का गठन एवं आंदोलनकारी कॉरिडोर का निर्माण सहित 11 सूत्री मांगें सरकार से करती रही, लेकिन सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंगी है। इसलिए हमलोग आंदोलनकारी कल्याण कोष का गठन और आंदोलनकारी कॉरिडोर का निर्माण स्वयं अपने बलबूते जनसहयोग से करेंगे। उन्होंने आंदोलनकारियों के मामले में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आग्रह किया कि अविलंब आंदोलनकारियों से वार्ता कर पहचान, सम्मान एवं व्यवस्था का लाभ दें। उन्होंने कहा कि आन्दोलनकारियों की समस्याओं और मांगों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हठधर्मिता छोड़ें और जल्द से जल्द निदान करें। मुख्यमंत्री की हठधर्मिता से आंदोलनकारियों, झारखंड वासियों में तीव्र जनाक्रोश भड़क रहा है, जिससे उन्हें बड़ी कीमत चुकानी होगी। वरीय उपाध्यक्ष अश्विनी कुजूर ने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्वों द्वारा चिन्हितीकरण के नाम पर लोगों को बरगला कर आर्थिक दोहन करने का प्रयास कर रहे हैं। उनसे सावधान रहें। उन्होंने कहा कि जो सही में आंदोलनकारी हैं उन सभी का चिन्हितीकरण होगा। इसके लिए आयोग के चेयरमैन से बात हुई है। जल्द ही जिले के किसी प्रखंड में चेयरमैन व सदस्यों का दल पहुंच कर स्थल पर ही चिन्हित करेंगे। कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आंदोलनकारी के पुत्र होने का हक अदा करें। बिना किसी दबाव के जेल जाने की बाध्यता समाप्त करते हुए सभी झारखंड आंदोलनकारियों को समान रूप से मान-सम्मान, पहचान, नियोजन, पेंशन आदि के मामले को अविलंब निष्पादित करें। केन्द्रीय महासचिव कयूम खान ने कहा कि झारखंड राज्य बने 22 वर्ष से अधिक हो गए, लेकिन आंदोलनकारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। चिन्हितीकरण आयोग का पुनर्गठन तो कर दी गई है, लेकिन पूर्ण रूप से पावर नहीं दी गई, जिससे हजारों आंदोलनकारियों का चिन्हितीकरण कार्य अधर पर लटका है। संबोधित करने वालों में केन्द्रीय महिला संयोजिका सीता उरांव, चैतू मुंडा, इसरार अहमद, जिला प्रवक्ता अनिल कुमार भगत, दशरथ उरांव, अमर किन्डो, नगर अध्यक्ष रूस्तम खान, दीपक वर्मा, जगदीश उरांव, कृष्णा ठाकुर, तरामनी मिंज, सुशीला लकड़ा आदि शामिल थे। बैठक का संचालन जिला प्रवक्ता अनिल कुमार भगत ने की। मौके पर तारा खलखो, दिनेश साहू, सोमनाथ उरांव, चैतु मुंडा, मो. मनीरूद्दीन अंसारी, नागेंद्र साहु, अशफाक खान, हाजी सुलतान अंसारी, ललिता भगत, छोटन विश्वकर्मा, अनुभा टोप्पो, खुर्शीद आलम आदि सहित बड़ी संख्या में आंदोलनकारी मौजूद थे। बैठक में सर्व सहमति से निर्णय लिया गया कि अगली बैठक आगामी 17 मई को किया जाएगा।
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की बैठक आयोजित
