लोहरदगा। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी लोहरदगा के चेयरमैन डॉ गणेश प्रसाद के नेतृत्व में लोहरदगा इकाई ने विज्ञान भवन स्थित लाइब्रेरी में अध्ययनरत छात्र छात्राओं के लिए उनके उपयोग की पुस्तकें भेंट की। पुस्तक संग्रह में राहुल कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर सोसायटी के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार लाल अनुमंडल पदाधिकारी ने विचार व्यक्त करते हुए बतलाया कि रेड क्रॉस सोसाइटी की स्थापना युद्ध के समय सेवा कार्य से किया गया था। आज यह संस्था पूरे विश्व में मानवता का कार्य कर रही है। मानव सेवा ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। इस कड़ी में लोहरदगा इकाई ने लाइब्रेरी को उपयोगी व अच्छी पुस्तकें भेंट कर मानवता का कार्य की है। उन्होंने बतलाया कि हम सभी को मानव सेवा का कार्य करना चाहिए। लोगों को रक्तदान के लिए आगे आना होगा। सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाना चाहिए क्योंकि अधिकांश मौतें समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से होती है। मानव सेवा ही हमारा प्रथम कर्तव्य है। सोसायटी के चेयरमैन डॉ गणेश प्रसाद ने विचार व्यक्त करते हुए बतलाया कि रेड क्रॉस की स्थापना सन 1863 में हेनरी ड्युनेट ने जेनेवा में शुरू किया था। प्रथम नोबेल पुरस्कार विजेता मानवतावादी, सामाजिक कार्यकर्ता हेनरी ड्युनेट के जन्मदिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 8 मई को विश्व रेडक्रॉस दिवस के रूप में मनाया जाता है। लाइब्रेरी को पुस्तक देकर आशा करते हैं कि पुस्तक से बड़ा कोई मित्र नहीं होता है, पढ़ाई कर ज्ञान को बढाएं और अपने जीवन को मानव सेवा में लगाएं। सचिव अरुण राम ने विचार व्यक्त करते हुए बताया कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकर्ता समय और परिस्थिति के अनुरूप कार्य करते हुए समाज में मानवता को बढ़ावा देते हैं। कोरोना काल में सोसाइटी के कार्यकर्ताओं ने मास्क, सैनिटाइजर इत्यादि वितरण कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाया था। इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य प्रोफेसर स्नेह कुमार, प्रवीण कुमार, आलोक कुमार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में ब्रज मोहन प्रसाद एवं काफी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा लाइब्रेरी के लिए पुस्तकें की गई भेंट
