लोहरदगा l लोहरदगा और गोड्डा जिले की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए न सिर्फ विभिन्न बैंकों और ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने वाले अंतर्राज्यीय अपराधिक गिरोह का पर्दाफाश किया है, बल्कि गिरोह के एक शातिर अपराधी को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार करने में कामयाब हुई है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिला के चेकमेसी थाना क्षेत्र निवासी स्व. रामरतन राय के 30 वर्षीय पुत्र बांबे कुमार के रूप में की गई है। गिरफ्तार आरोपी के पास से पुलिस ने एक रेगुलर पिस्टल, 5 जिन्दा कारतूस एक देशी कट्टा व एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। मामले पर लोहरदगा सदर थाना कांड संख्या 44/2022 दर्ज किया गया है। पुलिस कार्रवाई में गिरोह का सरगना निशांत उर्फ रम्मी उर्फ बादशाह फरार होने में सफल रहा है। गिरफ्तार आरोपी बांबे कुमार ने पुलिस के प्रारंभिक पूछताछ में विभिन्न लूट कांड में अपनी संर्लिप्तता स्वीकारी है। साथ ही अंतर्राज्यीय गिरोह के अन्य सदस्यों के संदर्भ में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी भी दिया है। पुलिस द्वारा फरार गिरोह के अन्य सदस्य की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। शुक्रवार अहले सुबह आरोपी के गिरफ्तारी के बाद शाम सदर थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी है। इस संदर्भ में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के नदिया गांव में आरोपी बांबे कुमार, जो नरेश कुमार के मकान में पिछले एक माह से किराएदार बनकर रह रहा था। आरोपी के साथ पांच अन्य अपराधी यहां रहकर शहरी क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। छापामारी की भनक लगते ही अन्य अपराधी फरार हो गए हैं। बताया गया कि 28 फरवरी 2022 को गोड्डा के महागामा स्थित बंधन बैंक से इस गिरोह द्वारा 16 लाख 70 हजार की डकैती की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद गोड्डा थाना में मामला दर्ज कर इस गिरोह के विरुद्ध पुलिस की अनुसंधान चालू किया गया। गोड्डा पुलिस अधीक्षक वाईएस रमेश, लोहरदगा एसपी प्रियंका मीणा इस अभियान में संयुक्त रूप से दो जिलों के पुलिस टीम को दिशा निर्देश दिया और अंतर्राज्यीय लूटपाट करने वाले गिरोह को पुलिस गिरफ्त में लिया गया। विभिन्न थानों में कई मामले हैं दर्ज
बैंक और जेवरात दुकान में लूटपाट करने वाले इस गिरोह के विरुद्ध गोड्डा जिले के महागामा थाना कांड संख्या 28/2022, ललमटिया थाना कांड संख्या 117/ 2021, दुमका नगर थाना कांड संख्या 259/2021 व शिकारीपाड़ा थाना कांड संख्या 85/2020 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन सभी कांडों में इस गिरोह के अपराधियों की तलाश पुलिस को लंबे समय से थी। मौके पर लोहरदगा सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मंटू कुमार, ललमटिया थाना के पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार सिंह मौजूद थे। छापामारी दल में राजाभिट्ठा थाना के प्रभारी अमित अभिषेक, मेहरमा थाना के गजेश कुमार, तकनीकी शाखा के निशीकांत कुमार पांडे लोहरदगा थाना के पुलिस पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार, रमेश कुमार तिवारी अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
बैंकों और ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाने वाले अपराधी गिरफ्तार
