लोहरदगा। त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन, 2022 अंतर्गत चतुर्थ चरण के निर्वाचन से संबंधित प्रपत्र 5 में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत)-सह-उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण द्वारा आज दिनांक 29.04.2022 को निर्वाचन की सूचना प्रकाशित की गई। लोहरदगा जिला में चतुर्थ चरण अंतर्गत लोहरदगा, भंडरा और कैरो प्रखण्ड के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री व नामांकन कल दिनांक 30.04.2022 से प्रारंभ हो जाएगी। नाम निर्देशन करने के लिए अंतिम तारीख 06.05.2022 है। इस दौरान पूर्वाहन 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री व नाम निर्देशन का कार्य किया जायेगा। नाम निर्देशन पत्रों की स्क्रूटनी दिनांक 07.05.2022 एवं 09.05.2022 को पूर्वाहन 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक किया जायेगा। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की तारीख 10.05.2022 एवं 11.05.2022 को पूर्वाहन 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक है। निर्वाचन प्रतीक आवंटन की तारीख 12.05.2022 को पूर्वाहन 11 बजे से कार्यपूर्ण होने तक है। मतदान की तारीख 27.05.2022 को प्रातः 7 बजे से अपराह्न 3 बजे तक है। मतों की गणना दिनांक 31.05.2022 को प्रातः 8.00 बजे से कृषि बाजार समिति, लोहरदगा में की जायेगी।
निर्वाची पदाधिकारी व नाम निर्देशन
जिला परिषद सदस्य पद के लिए अपर समाहर्ता लोहरदगा, पंचायत समिति सदस्य के लिए अनुमण्डल पदाधिकारी लोहरदगा, ग्राम पंचायत मुखिया के लिए संबंधित अंचल अधिकारी और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए संबंधित प्रखण्ड विकास पदाधिकारी निर्वाची पदाधिकारी होंगे। अभ्यर्थी संबंधित निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालय से नाम निर्देशन पत्र क्रय करेंगे और उसी कार्यालय में नाम निर्देशन पत्र दाखिल करेंगे।
मतदान केंद्र व मतदाता
लोहरदगा जिला में चतुर्थ चरण के अंतर्गत निर्वाचन कैरो, लोहरदगा और भंडरा प्रखण्ड में होंगे।
कैरो प्रखण्ड में मतदान केंद्रों की संख्या 76 है। कुल मतदाताओं की संख्या 29,882 है जिसमें पुरूष-14,978 और महिला-14,904 हैं।
लोहरदगा प्रखण्ड में मतदान केंद्रों की संख्या 135 है। कुल मतदाताओं की संख्या 50,823 है जिसमें पुरूष-25,364 और महिला-25,459 है।
भंडरा प्रखण्ड में मतदान केंद्रों की संख्या 114 है। कुल मतदाताओं की संख्या 44,834 है जिसमें पुरूष-22,774 और महिला-22,060 है।