महिलाओं एवं छात्राओं ने लिया अंधविश्वास के खिलाफ संकल्प
दीपक कुमार, झारखंड उजाला संवाददाता
हुसैनाबाद, पलामू: महिला एवं बाल संरक्षण थाना, हुसैनाबाद की थाना प्रभारी पार्वती कुमारी द्वारा शुक्रवार को राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दुलहर में महिलाओं और छात्राओं के बीच एक विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में थाना में पदस्थापित अन्य पदाधिकारियों एवं निर्भया शक्ति में प्रशिक्षित महिला आरक्षियों ने भी हिस्सा लिया।जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं के खिलाफ हो रहे जघन्य अपराधों, दहेज प्रथा, डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाओं एवं सामाजिक कुरूतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही नए आपराधिक कानूनों की जानकारी भी ग्रामीण महिलाओं और छात्राओं को प्रदान की गई। महिला हेल्पलाइन डायल-112 और साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन डायल-1930 के उपयोग और इसके महत्व को समझाया गया, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में इन सेवाओं का सही तरीके से उपयोग कर सकें। इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं और विद्यालय की छात्राओं को मोबाइल फोन के उचित उपयोग और अत्यधिक उपयोग के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में शामिल ग्रामीण महिलाओं ने भी अपने-अपने अनुभव साझा किए, जिसमें गाँव में फैले अंधविश्वास से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उजागर किया गया। महिलाओं ने अंधविश्वास के खिलाफ जागरूक होने और अन्य ग्रामीणों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की छात्राओं और स्थानीय महिलाओं ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के संदेश को लेकर गाँव में एक रैली निकाली, जिसने गाँववासियों में उत्साह और जागरूकता की नई लहर पैदा की। कार्यक्रम के दौरान कई महिलाओं ने अपनी समस्याएँ भी प्रस्तुत कीं, जिनका तत्काल समाधान मौके पर ही किया गया। यह जागरूकता अभियान महिलाओं और छात्राओं के लिए एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ, जिसमें न केवल अपराध और कुप्रथाओं से बचाव के उपाय बताए गए, बल्कि उन्हें सशक्त और जागरूक बनाने का भी प्रयास किया गया।