लोहरदगा । उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, पल्स पोलियो दिवस और आईएमआई 4.2 (मिशन इंद्रधनुष)-2022 के लिए आयोजित होनेवाले कार्यक्रम पर विस्तृत चर्चा हुई और कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश उपायुक्त द्वारा दिये गये।
पल्स पोलियो कार्यक्रम के अनुसार 27 फरवरी 2022 को सभी विद्यालय व आंगनबाड़ी केंद्रों पर 0-5 वर्ष के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलायी जायेगी। जो बच्चे छूट जायेंगे उन्हें घर-घर जाकर 28 व 29 फरवरी 2022 को पल्स पोलियो की खुराक पिलायी जायेगी। इसके लिए कुल 80,605 बच्चों का लक्ष्य लोहरदगा जिला के लिए रखा गया है। उपायुक्त द्वारा इस कार्यक्रम के लिए सभी संबंधित विद्यालयों को खुला रखने का निदेश दिया गया।
मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत टीकाकरण अभियान तीन चरणों में संचालित होगा। यह कार्यक्रम 07 मार्च से, 04 अप्रैल से और 04 मई से आयोजित किया जायेगा। इसमें दो वर्ष से कम उम्र के बच्चे और गर्भवती महिलाएं लक्ष्य समूह में शामिल हैं।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम 10 मार्च से 17 मार्च 2022 तक आयोजित किया जायेगा। लोहरदगा जिला में 1-19 वर्ष के कुल 2,54,720 बच्चों/किशोंरो/युवाओं को कृमि मुक्ति के लिए एलबेंडाजोल की दवा खिलायी जायेगी। 1-19 वर्ष के सभी बच्चों/किशोरों/युवाओं को स्कूल/आंगनबाड़ी केंद्र पर शिक्षको/आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा अथवा उनके घरों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के द्वारा एलबेंडाजोल की दवा खिलायी जायेगी। 1-2 वर्ष के बच्चों को आधा टैबलेट चूर कर साफ पानी के साथ खिलाया जायेगा। दवाई को दो चम्मच के बीच रखकर पूरी तरह चूर कर देना है और साफ पानी में मिलाकर इसे पिलाना है। वहीं, 2-3 वर्ष के बच्चों को एक पूरा टैबलेट खिलाया जायेगा। 3-19 वर्ष के बच्चों/किशोरों/युवाओं को पूरा टैबलेट खिलाया जायेगा। इसे चबाकर खाना है।
बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी अरविंद कुमार लाल, सिविल सर्जन डॉ संजय कुमार सुबोध, आपूर्ति पदाधिकारी प्रवीण केरकेट्टा, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी पलटू महतो, एनआरएचएम डीपीएम नाज़िश अख्तर, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी व अन्य उपस्थित थे।