रांची|रांची रेलमंडल ने रेल हादसों के बाद रेस्क्यू और ट्रैक बहाली की प्रक्रिया को तेज करने के लिए नई व्यवस्था शुरू की है। अब दुर्घटना की स्थिति में राहत टीम को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए सिर्फ रेस्क्यू ट्रेन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

रेलमंडल को पहली रोड मोबाइल रिस्टोरेशन वैन यानी RMARV मिली है। इसे हटिया स्टेशन के पास तैनात किया जाएगा।

इस विशेष वैन की मदद से रेलवे की तकनीकी और रेस्क्यू टीम सड़क मार्ग से दुर्घटनास्थल तक तेजी से पहुंच सकेगी। खासकर उन जगहों पर इसका फायदा होगा, जहां रेल मार्ग से पहुंचने में ज्यादा समय लगता है लेकिन सड़क से घटनास्थल तक जल्दी पहुंचा जा सकता है।

वैन में राहत और बहाली से जुड़े कई जरूरी उपकरण मौजूद होंगे। इनमें री-रेलिंग, कटिंग, हाइड्रोलिक और ट्रैक बहाली से संबंधित मशीनरी के साथ रोशनी, सुरक्षा और संचार उपकरण शामिल हैं।

रेलवे की इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य हादसे के बाद बचाव कार्य जल्द शुरू करना और क्षतिग्रस्त रेल लाइन को कम से कम समय में बहाल करना है।

यानी अब अगर किसी रेल हादसे के बाद रेस्क्यू ट्रेन को पहुंचने में समय लगता है, तो सड़क मार्ग से मोबाइल रिस्टोरेशन टीम पहले मौके पर पहुंचकर राहत और बहाली का काम शुरू कर सकेगी।



Desk Desk · 07-09-2026 01:52 PM · 📍 Ranchi
Tags
Economy Ranchi News