रामगढ़ । 3 मई को होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 के सफल एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर शनिवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के साथ जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया व तैयारियों की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, विद्युत एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, शुचिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में अनुशासन एवं गोपनीयता सर्वोपरि है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सजग एवं सतर्क रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्रों के बाहर विधि-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य उपस्थित थे।

TEKLAL MAHTO TEKLAL MAHTO · 02-05-2026 08:39 PM · 📍 Ramgarh · RAMGARH Bureau
Advertisement
Tags
Government Ramgarh News