चांडिल। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल मुख्य बाजार में शुक्रवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। नकाबपोश बदमाशों ने पूर्व आभूषण कारोबारी सुरेश चौधरी के परिवार को बंधक बनाकर 80 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और करीब चार से पांच लाख रुपये नकद लूट लिए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब एक बजे सात से आठ नकाबपोश अपराधी सुरेश चौधरी के घर में घुसे। आरोप है कि बदमाशों ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया और परिवार के सदस्यों को हथियारों के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने या शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी दी गई। पीड़ित परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।

डेढ़ घंटे तक घर में की तलाशी

अपराधियों ने घर के अलग-अलग कमरों और स्थानों की तलाशी ली। करीब डेढ़ घंटे तक लूटपाट करने के बाद वे जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, बदमाशों के पास देसी कट्टे और धारदार हथियार थे। सभी ने अपने चेहरे ढक रखे थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।

पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले

घटना की सूचना मिलने के बाद चांडिल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के तहत आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

थाने के नजदीक वारदात से सुरक्षा पर सवाल

चांडिल थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और कारोबारियों में भय का माहौल है। पुलिस अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।

Desk Desk · 11-10-2026 01:16 PM · 📍 Jamshedpur
Tags
Crime Jamshedpur News