राँची। राजधानी राँची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित हरमू रोड के चतरा राइफल शूटिंग क्लब परिसर में रविवार देर शाम उस समय हंगामा मच गया, जब एक युवती ने वाशरूम में छिपाकर मोबाइल फोन और कैमरा लगाए जाने का आरोप लगाया।
पीड़िता के पिता के अनुसार, उनकी बेटी ने फोन कर उन्हें तत्काल क्लब परिसर में बुलाया। उस समय वह कटहल मोड़ के पास थे और करीब 15 मिनट में स्कूटी से चतरा राइफल शूटिंग क्लब पहुंचे। बेटी ने उन्हें बताया कि एक अन्य युवती ने उसे वाशरूम जाने से रोकते हुए कहा कि अंदर मोबाइल फोन और कैमरा रखा गया है, जिससे रिकॉर्डिंग की जा रही है।
आरोप सामने आने के बाद क्लब परिसर में हंगामा शुरू हो गया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि पुलिस ने एक मोबाइल फोन जब्त किया है तथा शूटिंग प्रशिक्षण से जुड़े एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मोबाइल फोन या कैमरे से वास्तव में किसी प्रकार की रिकॉर्डिंग हुई थी या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच और तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस द्वारा मामले में संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।
Blog





