रांची: राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) परिसर में मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल आने वाले लोगों के लिए आधुनिक सार्वजनिक शौचालय की सुविधा शुरू की जाएगी। पुराने ट्रॉमा सेंटर और शेल्टर होम के पास बनाए गए 10-सीटर आधुनिक शौचालय के संचालन और रखरखाव को लेकर RIMS प्रबंधन और पुणे की सेवा फाउंडेशन के बीच समझौता हुआ है।
शौचालय के निर्माण में कोल इंडिया लिमिटेड ने वित्तीय सहयोग दिया है, जबकि निर्माण कार्य सेवा फाउंडेशन ने पूरा किया है। समझौते के तहत साफ-सफाई, सुरक्षा, रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी भी सेवा फाउंडेशन की होगी। इसके लिए होने वाला खर्च फाउंडेशन खुद उठाएगा, जिससे RIMS पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।
पे एंड यूज मॉडल पर होगा संचालन
नई सुविधा का संचालन पे एंड यूज के आधार पर किया जाएगा। फाउंडेशन को परिसर में स्वच्छता और हाइजीन बनाए रखने के साथ शौचालय को नियमित रूप से उपयोग के योग्य रखने की जिम्मेदारी दी गई है।
RIMS में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज, परिजन, कर्मचारी और आम लोग पहुंचते हैं। ऐसे में इस आधुनिक शौचालय की सुविधा से अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होने और मरीजों व उनके परिजनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
Blog





