सिमडेगा: झारखंड के सिमडेगा जिले में रूबेला संक्रमण का एक और मामला सामने आया है। ठेठईटांगर प्रखंड क्षेत्र में एक बच्ची के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। लगातार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, ताराबोगा पंचायत के नदीपार गांव की एक बच्ची की जांच रिपोर्ट में रूबेला संक्रमण की पुष्टि हुई। इससे पहले इसी प्रखंड के मुंडाटोली गांव में भी एक 10 वर्षीय बच्ची में रूबेला संक्रमण पाया गया था। कम समय में दो मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इलाके में स्वास्थ्य जांच और निगरानी तेज कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की भी जांच कर रही है। मुंडाटोली में 44 बच्चों की पहचान की गई, जिनमें से 28 बच्चों को टीका लगाया जा चुका है। जिन बच्चों को एमआर वैक्सीन की दूसरी खुराक नहीं मिली है, उन्हें टीका लगाने की प्रक्रिया जारी है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से बच्चों के टीकाकरण को लेकर लापरवाही नहीं बरतने की अपील की जा रही है। साथ ही संदिग्ध लक्षण दिखाई देने पर समय पर स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई है।
Blog





