नेमरा/रामगढ़: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रामगढ़ जिले के छह वर्षीय अनूप बेसरा के इलाज के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना के तहत चिकित्सा अनुदान की आवश्यक प्रक्रिया 48 घंटे के भीतर पूरी की गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नेमरा में अनूप के परिवार को चेक सौंपा।

जानकारी के अनुसार, रामगढ़ जिले के बेराटांड़ स्थित भरेच नगर निवासी रामकिशुन बेसरा के बेटे अनूप का इलाज तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। चिकित्सकों ने बच्चे के आंतरिक कान के उपचार के लिए उसे बदलने की सलाह दी है। इलाज पर अधिक खर्च आने के कारण परिवार को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इस समस्या को लेकर रामकिशुन बेसरा ने नेमरा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर सहायता की मांग की थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। इसके बाद रामगढ़ जिला प्रशासन ने निर्धारित औपचारिकताएं पूरी कर चिकित्सा अनुदान उपलब्ध कराया।

मुख्यमंत्री इन दिनों अपनी दिवंगत माता रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सिलसिले में अपने पैतृक गांव नेमरा में हैं। इस दौरान वे वहां पहुंच रहे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दे रहे हैं।

आर्थिक सहायता मिलने से अनूप के परिवार को उसके इलाज में मदद मिलने की उम्मीद है।

Desk Desk · 16-10-2026 01:23 PM · 📍 Ramgarh
Tags
Health Ramgarh News