रामगढ़/गोला। गोला-रजरप्पा मार्ग के कुसुमडीह स्थित कामेश्वर एलॉयज फैक्ट्री परिसर में शुक्रवार को कर्मियों एवं मजदूरों के लिए दो दिवसीय विशेष सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से निपटने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण देना रहा। प्लांट प्रबंधन की ओर से सरकार से मान्यता प्राप्त सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान नारायण प्राइवेट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, लुपुंगडीह, चांडिल, सरायकेला-खरसावां के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया गया। प्रशिक्षकों ने कर्मियों को स्पष्ट रूप से बताया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में भारी पड़ सकती है, जबकि सतर्कता और सावधानी ही सुरक्षित जीवन की सबसे बड़ी गारंटी है।
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने मशीनरी के सुरक्षित संचालन, फर्नेस क्षेत्र में कार्य करते समय बरती जाने वाली सावधानियों, अग्निशमन उपकरणों के उचित उपयोग तथा दुर्घटना की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदमों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कर्मियों को हेलमेट, सुरक्षा जूते, दस्ताने, सुरक्षात्मक चश्मे और अन्य व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षकों ने कहा कि औद्योगिक प्रतिष्ठानों में छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए सुरक्षा नियमों का पालन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है। संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्कता, आपसी समन्वय और निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुरूप कार्य करने पर विशेष जोर दिया गया।
प्लांट प्रबंधन ने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के समापन पर कर्मचारियों ने सुरक्षा नियमों का पालन करने और सुरक्षित कार्यप्रणाली अपनाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कंपनी प्रबंधन के लालमोहन यादव, सौरव कुमार सेनापति, चिन्मय कुंडु, सिद्दीक अंसारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
TEKLAL MAHTO TEKLAL MAHTO · 27-09-2026 05:43 PM · 📍 Ramgarh · RAMGARH Bureau
Tags
Health Ramgarh News