लोहरदगा।: जिले के 34वें उप विकास आयुक्त के रूप में राज महेश्वरम ने मंगलवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निवर्तमान प्रभारी डीडीसी सुषमा नीलम सोरेंग से प्रभार लिया। समाहरणालय परिसर में आयोजित प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मियों ने उनका स्वागत किया।
राज महेश्वरम इससे पूर्व लोहरदगा एसडीओ के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। जिले की प्रशासनिक, भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों की अच्छी समझ होने के कारण उनके अनुभव का लाभ विकास योजनाओं के बेहतर संचालन और क्रियान्वयन में मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पूर्व में एसडीओ रहते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया था। इसी कारण जिले के अधिकारियों एवं आम लोगों के बीच उनकी कार्यशैली पहले से परिचित मानी जाती है।
पदभार ग्रहण करने के बाद राज महेश्वरम ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं रोजगार से जुड़ी योजनाओं की सतत मॉनिटरिंग पर भी जोर देने की बात कही।


Blog





