लोहरदगा: उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने आज सेन्हा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में रजिस्ट्रेशन काउंटर, इमरजेंसी वार्ड, महिला व पुरूष वार्ड, प्रसूति गृह, ड्रेसिंग रूम, जन्म व मृत्यु निबंधन काउंटर, 108 के एंबुलेस, अन्य एंबुलेंस, जिला में ममता वाहन की संख्या, डेंटल रूम, आयुष्मान मित्र काउण्टर, लैब में जांच की उपलब्धता, दवाखाना में दवाईयों की स्थिति, कंगारू मदर केयर यूनिट, टीकाकरण की स्थिति आदि बिंदुओं की गहनता से जांच की और आवश्यक निदेश प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिये। अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, चिकित्सकों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी, सभी वार्डों में साइनेज लगाये जाने, अस्पताल परिसर में जर्जर होर्डिंग को हटवाने और एंबुलेंस के बेहतर तरीके से रख-रखाव के निदेश दिये गये।राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत उपलब्ध चिकित्सकों को नियमित रूप से विद्यालयों व आंगनवाड़ी केंद्रों में जांच शिविर आयोजित करते हुए उपलब्धि बढ़ाने के निर्देश दिये। साथ ही, विद्यालयों में शिविर की योजना को जिला शिक्षा अधीक्षक/जिला शिक्षा पदाधिकारी को भी उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया।
आज के औचक निरीक्षण में परियोजना निदेशक आइटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी संग्राम मुर्मू, अंचल अधिकारी पंकज भगत, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजीत आंनद, मेडिकल अफसर डॉ श्रेया, आरबीएसके के चिकित्सक समेत अन्य उपस्थित थे।


Blog





