रामगढ़/गोला। गोला प्रखंड के चोकाद के ग्रामीणों को बिजली की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 200 KVA क्षमता के नए ट्रांसफॉर्मर का शुभ उद्घाटन कर उसे ग्रामीणों को समर्पित किया गया। बतौर रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि सह रामगढ़ विधानसभा के युवा नेता राजीव जायसवाल ने ट्रांसफॉर्मर का उद्घाटन किया।
नए ट्रांसफॉर्मर की स्थापना से चोकाद गांव की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। इससे ग्रामीणों को बेहतर, सुचारु एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है। यह कार्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान चोकाद में राजीव जायसवाल के पहुंचते ही ग्रामीणों एवं युवा साथियों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इसके पश्चात सैकड़ों ग्रामीण महिला-पुरुष एवं युवा साथियों ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच राजीव जायसवाल को अपने साथ पूरे गांव का भ्रमण कराया।
गांव की गलियों और टोलों में ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बन रहा था। जगह-जगह लोगों ने राजीव जायसवाल का गर्मजोशी से स्वागत किया। ग्रामीणों के इस अपार स्नेह, विश्वास और आत्मीयता से अभिभूत राजीव जायसवाल ने कहा कि यह सम्मान और प्यार उन्हें क्षेत्र की सेवा के लिए और अधिक ऊर्जा प्रदान करता है।
इस अवसर पर राजीव जायसवाल ने कहा, “आप सभी की सेवा करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। अपने लोगों की सेवा करने से मुझे बहुत खुशी मिलती है। जनता का स्नेह और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मेरा यह जीवन रामगढ़ की जनता की सेवा में लगा रहे, यही मेरा संकल्प है।”
उन्होंने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश एवं मार्गदर्शन में क्षेत्र के विकास और आम जनता की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। बिजली, सड़क, पेयजल एवं अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। राजीव जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है। नया 200 KVA ट्रांसफॉर्मर गांव की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और स्थानीय लोगों को बिजली संबंधी समस्याओं से काफी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को केवल सुनना ही नहीं, बल्कि उनके बीच पहुंचकर उनकी जरूरतों को समझना और समाधान के लिए धरातल पर काम करना ही सच्ची जनसेवा है। रामगढ़ क्षेत्र के प्रत्येक गांव और पंचायत में विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में गोला मंडल सांसद प्रतिनिधि प्रीतम झा, बरलंगा मंडल सांसद प्रतिनिधि मंशु बेदिया, दुलमी मंडल सांसद प्रतिनिधि बिक्की महतो, भाजपा नेता प्रदीप महतो, मिथुन महतो, परमेश्वर महतो, धनंजय महतो, अभिषेक कुमार, मदन महतो, गीता देवी, संगीता देवी, मुकेश रजक, नीरज चक्रवर्ती, रामकिशुन नायक, तारकेश्वर कुमार, हीरालाल महतो, शंकर महतो सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष एवं युवा साथी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राजीव जायसवाल ने चोकाद गांव के सभी ग्रामीणों, युवा साथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति उनके आत्मीय स्वागत, अपार स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
Blog





