धनबाद। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में बुधवार को धनबाद सांसद ढुलू महतो और निरसा विधायक अरूप चटर्जी के बीच ट्रॉमा सेंटर के मुद्दे पर तीखी बहस हो गई। ट्रॉमा सेंटर का निर्माण अब तक शुरू नहीं होने को लेकर दोनों नेताओं ने अलग-अलग स्तर की सरकार को जिम्मेदार बताया।
बैठक में सांसद ढुलू महतो ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की लापरवाही के कारण धनबाद में ट्रॉमा सेंटर की योजना आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने कहा कि बाघमारा समेत अन्य क्षेत्रों में ट्रॉमा सेंटर का प्रस्ताव लंबे समय से लंबित है।
इसके जवाब में निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर की मंजूरी में केंद्र सरकार की भूमिका है। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच जिम्मेदारी को लेकर बहस हुई। सांसदों ने विधायक से केंद्र की वजह से योजना लंबित होने का दस्तावेज दिखाने को कहा। इसके बाद विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के सचिव की ओर से केंद्र को भेजे गए पत्र की प्रति उपलब्ध कराई और केंद्र से मंजूरी दिलाने की मांग की।
बैठक के बाद एमपीएल में चल रहे आंदोलन का मुद्दा भी सामने आया। सांसद ढुलू महतो ने आरोप लगाया कि रंगदारी की मांग को लेकर प्रदर्शन के कारण बड़ी संख्या में मजदूर फैक्ट्री परिसर में फंसे हैं और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की। वहीं अरूप चटर्जी ने पलटवार करते हुए कहा कि सांसद की अपनी ट्रांसपोर्टिंग आंदोलन के कारण प्रभावित हो रही है।
दिशा की बैठक में धनबाद की विकास योजनाओं और लंबित परियोजनाओं की समीक्षा भी की गई। बैठक में 100 से अधिक योजनाओं पर चर्चा हुई।
Blog





