बुंडू /रांची । रांची-टाटा रोड पर स्थित फ्लाईओवर पर मंगलवार शाम करीब 5 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों युवक बुंडू के भाभरी गांव के रहने वाले थे। मृतक की पहचान अजय मुंडा (20 वर्ष), पिता स्वर्गीय पुशवा मुंडा के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक गुरुवा मुंडा (20 वर्ष), पिता सुखराम मुंडा बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बुंडू पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल गुरुवा मुंडा को बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद रिम्स रांची रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अभाव में दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। हालांकि आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। मामले की जांच के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि वाहन की पहचान की जा सके।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


Blog