रामगढ़। रामगढ़ जिला पुलिस ने एक बड़े अंतर-जिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का उद्भेदन करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनकी निशानदेही पर रांची, रामगढ़, बोकारो एवं हजारीबाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की कुल 20 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। साथ ही अभियुक्तों के पास से 06 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।  
विशेष टीम का हुआ था गठन
पुलिस अधीक्षक, रामगढ़ के निर्देशानुसार संपत्तिमूलक कांडों के त्वरित उद्भेदन और बरामदगी के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में गुप्त सूचना मिलने पर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, रामगढ़ और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया था।  
वाहन चेकिंग के दौरान धरे गए शातिर चोर 05 नवंबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि रामगढ़ शहर में मोटरसाइकिल चोरी के सीसीटीवी फुटेज में दिखने वाले अपराधी पुनः शहर में चोरी की फिराक में घूम रहे हैं। त्वरित कार्रवाई करते हुए रामगढ़ में वाहन चेकिंग शुरू की गई, जिसके दौरान बिना नंबर प्लेट की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल पर आ रहे दो संदिग्धों को पकड़ा गया।  
पकड़े गए अपराधियों की पहचान सोनू राम (बोकारो) और आर्यन कुमार (बोकारो/रांची) के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे पेशेवर मोटरसाइकिल चोर हैं और रांची, रामगढ़, बोकारो व हजारीबाग में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं।  
चोरी की गाड़ियों का ऐसे बदलते थे रूप
ये शातिर चोर चोरी की गई मोटरसाइकिलों को ठिकाने लगाने के लिए एक संगठित तरीका अपनाते थे:
रामगढ़ में चोरी की गई गाड़ियां बोकारो के ग्रामीण क्षेत्र के रहने शमीम अंसारी को बेची जाती थीं।  
रांची और रामगढ़ में चोरी गाड़ियां कबाड़ी वाले राकेश कुमार, मो० मंजूर खान, मो० इजाजुल अंसारी, और गैरेज संचालक विनेश्वर बेदिया तथा अन्य को बेची जाती थीं।  
आरोपी गाड़ियों का डेंट-पेंट कर, मॉडल बदलकर और इंजन व चेचिस नंबर को घिसकर बाजार में कम दामों पर बेच देते थे। जो गाड़ियां नहीं बिक पाती थीं, उनके पार्ट्स खोलकर बेच दिए जाते थे।  
गिरफ्तार अन्य अभियुक्तों के नाम
राकेश कुमार (कबाड़ी वाला) - मूल निवासी सीतामढ़ी, बिहार, हाल पता- नईसराय, रामगढ़।  
मो० मंजूर खान (कबाड़ी वाला) - मूल निवासी सीतामढ़ी, बिहार, हाल पता- नईसराय, रामगढ़।  
विनेश्वर बेदिया (गैरेज मालिक, महुआटांड) - सा०-हेसला, रामगढ़।  
मो० इजाजुल अंसारी - सा०-चापरी, माण्डू, रामगढ़।  
शमीम अंसारी - सा०-नारायणपूर, बोकारो।  
गिरफ्तार सभी सातों अभियुक्तों को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है, और गिरोह के अन्य सदस्यों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी जारी है।
TEKLAL MAHTO TEKLAL MAHTO · 06-11-2026 06:21 PM · 📍 Ramgarh · RAMGARH Bureau
Tags
Crime Ramgarh News