हॉर्न बजाने को लेकर चाकू मारकर युवक की हत्या के मामले में चार गिरफ्तार



तमाड़. थाना क्षेत्र के रंगामाटी स्थित सरकारी शराब दुकान के पास दीपावली की रात हुई कांग्रेस महतो की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दो आरोपी अभी फरार हैं. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि घटना 8 नवंबर की रात की है. कांग्रेस महतो समेत चार-पांच लोग सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार में सवार लोगों ने साइड देने के लिए हॉर्न बजाया. डीएसपी के मुताबिक, हॉर्न बजाने के बाद मृतक पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ा और मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान कांग्रेस महतो को चाकू मार दिया गया. घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की थी. छापेमारी के दौरान बिट्टू गुप्ता, टिंकू दास, गुरूपदो मुण्डा और निखिल भूमिज को गिरफ्तार किया गया. फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. इस संबंध में तमाड़ थाना कांड संख्या 72/2026, दिनांक 9 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 352, 351(2), 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है. छापेमारी दल में तमाड़ थाना के पुअनि शम्भू पंडित, प्रेम सागर सिंह, गणेश चौड़े और तमाड़ थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.
JAY PRAKASH DAS JAY PRAKASH DAS · 10-11-2026 09:37 PM · 📍 Ranchi
Tags
Crime Ranchi News