रामगढ़। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने झारखंड उत्खनन परियोजना (15 नंबर), रामगढ़ में व्याप्त समस्याओं एवं सेल संचालन व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर परियोजना प्रबंधन को लिखित चेतावनी दी है। JLKM की ओर से केंद्रीय उपाध्यक्ष रवि कुमार ने दिनांक 06 नवंबर 2026 को परियोजना पदाधिकारी, झारखंड उत्खनन परियोजना (15 नंबर), रामगढ़ को पत्र सौंपकर पूर्व में दिए गए 11 सूत्री मांग पत्र (पत्रांक संख्या JLKM/10/2026) पर कार्रवाई करने की मांग की है।
पत्र के माध्यम से वर्तमान सेल संचालन समिति को पूर्ण रूप से रद्द कर नई सेल संचालन समिति का गठन करने तथा पारदर्शी तरीके से कोयला उठाव सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि आगामी 10 दिनों के भीतर प्रबंधन द्वारा मांगों पर उचित पहल नहीं की जाती है, तो JLKM परियोजना में संपूर्ण ट्रांसपोर्टिंग कार्य ठप करने के लिए बाध्य होगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी CCL प्रबंधन की होगी। JLKM ने प्रबंधन से निर्धारित समय-सीमा के भीतर मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। संगठन का कहना है कि क्षेत्र के लोगों, रैयतों एवं प्रभावितों के हितों की अनदेखी किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पारदर्शी व्यवस्था और स्थानीय हितों की रक्षा के लिए संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। उक्त जानकारी पार्टी के केंद्रीय मीडिया प्रभारी रमेश कुमार महतो ने दिया।
TEKLAL MAHTO TEKLAL MAHTO · 06-11-2026 06:24 PM · 📍 Ramgarh · RAMGARH Bureau
Tags
Public Issues Ramgarh News