लोहरदगा सदर थाना क्षेत्र के जोरी-जनवल सीमांत स्थित नदी में मंगलवार को डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जोरी ग्राम निवासी 20 वर्षीय दिलशाद अंसारी पिता सयुब अंसारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दिलशाद अंसारी मंगलवार को बकरियां चराने के लिए नदी किनारे गया था। इसी दौरान नहाने के क्रम में वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। दोपहर करीब 2 बजे परिवार के लोग उसकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान नदी किनारे युवक के कपड़े पड़े मिले, जिसके बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से नदी के गहरे पानी में खोजबीन शुरू की गई। काफी प्रयास के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना के बाद इलाके में मातम पसर गया। परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस मामले की जानकारी लेकर आगे की प्रक्रिया में जुट गई है। घटना पर जोरी गांव के समाजसेवी मनान अंसारी, निजामुद्दीन अंसारी, नईम अंसारी, इदरीस अंसारी एवं लालू अंसारी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए हर संभव सहयोग करने का भरोसा दिया है।


Blog





