लोहरदगा । लोहरदगा जिला के भंडरा प्रखंड में लगातार हो रही पारिवारिक हत्याओं ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। ताजा मामला भंडरा थाना क्षेत्र का है, जहां 25.05.2026 सोमवार सुबह करीब 5 बजे आपसी कलह में एक सनकी युवक ने अपने ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार हत्यारा संदीप उरांव (35 वर्ष) ने अपने पिता सुरेंद्र उरांव उर्फ कुरा (55 वर्ष), पत्नी सुजाता उरांव (30 वर्ष) और 4 वर्षीय बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी और पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक पिता सुरेंद्र उरांव अपने कतारी खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी उन्हें बुलाकर घर लाया और मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान थाना प्रभारी का मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। उन्होंने गंभीर रूप से घायल बच्ची को खुद गोद में उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले 16 मई 2026 को धनामूंजी गांव में एक दिमागी रूप से बीमार युवक ने लोहे की सबल से अपनी मां और पत्नी की हत्या कर दी थी। लगातार हो रही इन वारदातों से भंडरा प्रखंड में भय और चिंता का माहौल गहरा गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


Blog




