ताऊ में 99 लाख की लागत से बनेगा ट्राइबल मल्टी पर्पस मार्केटिंग सेंटर, विधायक विकास मुंडा ने किया शिलान्यास
बुंडू: बुंडू प्रखंड के ताऊ पंचायत में शुक्रवार को झारखंड सरकार के कल्याण विभाग के तहत स्वीकृत ट्राइबल मल्टी पर्पस मार्केटिंग सेंटर (टीएमएमसी) निर्माण कार्य का शिलान्यास तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने किया। लगभग 99 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस केंद्र में कुल 14 कमरों का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापारियों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों तथा ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान विधायक विकास कुमार मुंडा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मौके पर विधायक विकास कुमार मुंडा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास एवं लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ट्राइबल मल्टी पर्पस मार्केटिंग सेंटर के निर्माण से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिसका सीधा लाभ क्षेत्र के लोगों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों के हित में लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं लाई जा रही हैं। आने वाले दिनों में भी ऐसी योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
ग्रामीणों ने भी इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र के निर्माण से स्थानीय उत्पादों का बाजार उपलब्ध होगा l


Blog