बुंडू अनुमंडल अस्पताल के महिला शौचालय में मिला नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस
बुंडू। बुंडू अनुमंडल अस्पताल के पुराने परिसर स्थित महिला शौचालय में गुरुवार को नवजात शिशु का शव मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में इलाज कराने आए मरीज के साथ पहुंची एक महिला जब शौचालय गई, तो उसने कमोड में नवजात का शव पड़ा देखा। महिला ने तुरंत अस्पताल कर्मियों को सूचना दी। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने बुंडू पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने के बाद शौचालय से शव को बाहर निकाला गया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मनोज कुमार महतो ने बताया कि शव लगभग दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शिशु पूरी तरह विकसित था। पानी में पड़े रहने के कारण शव फूल गया था।
डॉ. मनोज महतो ने बताया कि अस्पताल में प्रसव की सुविधा नहीं है। ऐसे में आशंका है कि शव को बाहर से लाकर अस्पताल परिसर के शौचालय में फेंका गया होगा।
इधर, बुंडू पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच करते हुए सभी बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।
Blog





