राधा रानी मंदिर में धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव
तमाड़। तमाड़ थाना क्षेत्र के पुण्डिदिरी गांव स्थित राधा रानी मंदिर परिसर में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया
कार्यक्रम के दौरान मटकी फोड़ प्रतियोगिता, बाल गोपाल एवं राधा रानी के रूप सज्जा प्रदर्शन, बच्चों की डांस प्रतियोगिता, पूजा-पाठ, पलना-झूलन, कीर्तन तथा रात्रि में बाउल संगीत का आयोजन किया गया। मटकी फोड़ प्रतियोगिता में चार टीमों ने हिस्सा लिया। वहीं बच्चों ने बाल गोपाल और राधा रानी के रूप में आकर्षक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
रात्रि में विभिन्न स्थानों से पहुंचे कलाकारों ने बाउल संगीत एवं भक्ति गीतों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को आयोजकों की ओर से उचित पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। जन्माष्टमी उत्सव को लेकर मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तों की भीड़ लगी रही। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।
Blog