पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए BRICS देशों की शांति और संयम की अपील के बीच स्ट्रैट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे एक वाणिज्यिक जहाज पर अज्ञात मिसाइल से हमला किया गया है।

यूनाइटेड किंगडम मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) के मुताबिक, हमले के बाद जहाज को हुए नुकसान और चालक दल की स्थिति की जांच की जा रही है। क्षेत्र में मौजूद दूसरे जहाजों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

बाब अल-मंडेब में हूतियों का दबदबा

रिपोर्ट के अनुसार, ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने मोखा बंदरगाह और बाब अल-मंडेब स्ट्रेट के आसपास के महत्वपूर्ण इलाकों पर अपना नियंत्रण मजबूत किया है। इसके बाद क्षेत्र के प्रमुख समुद्री व्यापार और ऊर्जा मार्गों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मोखा बंदरगाह पर कब्जे के बाद हूतियों की ओर से सऊदी अरब के एक सैन्य ठिकाने को भी निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है, जिसमें दो लोगों के घायल होने की जानकारी है।

ईरान-ओमान बनाएंगे वैकल्पिक समुद्री मार्ग

तनाव के बीच ईरान और ओमान ने स्ट्रैट ऑफ होर्मुज के लिए नए समुद्री प्रवेश और निकास मार्गों पर सहमति जताई है। इन मार्गों की जानकारी खाड़ी देशों के प्रतिनिधियों को क्षेत्रीय बैठक में दी जाएगी। इसका उद्देश्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति और समुद्री व्यापार को प्रभावित होने से बचाना है।

वहीं, BRICS देशों ने नई दिल्ली में पश्चिम एशिया में तत्काल शांति और कूटनीतिक बातचीत की अपील की थी। लेकिन इसके बावजूद होर्मुज और लाल सागर क्षेत्र में तनाव बढ़ता दिखाई दे रहा है।

Desk Desk · 13-09-2026 03:38 PM · 📍 Ranchi
Tags
World Ranchi News