जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी संदीप पाल ने सोमवार तड़के 10वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। 62 वर्षीय संदीप पाल बिरसानगर के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 में रहते थे। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, संदीप पाल टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में चीफ पद से सेवानिवृत्त हुए थे और वर्तमान में एक निजी कंपनी में भी कार्यरत थे। घटना से पहले वह सुबह करीब 4 बजे घर से टहलने के लिए निकले थे। कुछ देर बाद वह इमारत की ऊपरी मंजिल पर पहुंचे और वहां से छलांग लगा दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले संदीप पाल अपनी बेटी आकांक्षा का बीकॉम में मुंबई के एक कॉलेज में दाखिला कराने के बाद जमशेदपुर लौटे थे। बेटी के दूसरे शहर में अकेले रहने और वहां के माहौल को लेकर वह लगातार चिंतित रहते थे। पत्नी ने पुलिस को बताया कि इसी वजह से वह पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे और बेटी से फोन पर लगातार संपर्क में रहते थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी के अनुसार, पत्नी के बयान के आधार पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
Blog





