जमशेदपुर | वियतनाम के दलात शहर में शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड के दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान जमशेदपुर के कदमा निवासी विनय यादव और रांची निवासी राजा कुमार वर्मा के रूप में हुई है। दोनों बाइक से दलात से डोंग नाई सिटी की ओर जा रहे थे।
हादसा स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 5:45 से 6 बजे के बीच प्रेन पास पर दतानला वाटरफॉल के पास एक मोड़ पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, सड़क गीली थी और मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई, जहां सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में राजा कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल विनय यादव को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान विनय ने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विनय यादव वियतनाम में योग शिक्षक के रूप में काम कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद जमशेदपुर स्थित उनके परिवार को जानकारी दी गई। परिजन विनय के शव को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हैं। वहीं राजा कुमार वर्मा भी वियतनाम में योग शिक्षक के तौर पर कार्यरत थे और उनके शव को रांची लाने की प्रक्रिया जारी है।
घटना की जांच स्थानीय अधिकारियों द्वारा की जा रही है। शुरुआती रिपोर्टों में सड़क की स्थिति और मोड़ पर बाइक के दूसरी लेन में जाने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे के पूरे कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
Blog





