धनबाद | धनबाद में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। धनबाद से गयाजी की ओर जा रही मालगाड़ी की छत पर चढ़ा एक युवक हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।

बताया जा रहा है कि युवक मालगाड़ी की एक बोगी के ऊपर लेटा हुआ था। सुबह करीब छह बजे ट्रेन गोमो स्टेशन पर रुकी। इसी दौरान युवक उठने की कोशिश करने लगा और ऊपर से गुजर रहे 25 हजार वोल्ट क्षमता वाले हाईटेंशन ओवरहेड तार की चपेट में आ गया।

करंट लगने के बाद युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक को मालगाड़ी से नीचे उतारा।

इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और बेहतर इलाज के लिए धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। फिलहाल युवक का इलाज इमरजेंसी में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया गया है कि युवक अभी बोलने की स्थिति में नहीं है। उसकी पहचान भी नहीं हो पाई है। पुलिस और संबंधित अधिकारी उसकी पहचान के प्रयास में जुटे हैं।

रेलवे की हाईटेंशन लाइन बेहद खतरनाक होती है और उससे सीधे संपर्क के बिना भी करंट लग सकता है। ऐसे में मालगाड़ी या किसी भी ट्रेन की छत पर चढ़ना जानलेवा साबित हो सकता है।

Desk Desk · 15-09-2026 03:04 PM · 📍 Dhanbad
Tags
Accident Dhanbad News