छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सूर्य मंदिर सभागार में हुई बैठक
बुंडू – छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार, 2 नवंबर 2026 को सूर्य मंदिर सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल अधिकारी (सीओ), प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), थाना प्रभारी, महिला थाना प्रभारी, अग्निशमन विभाग के प्रभारी, नगर प्रशासक तथा स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं और आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर सूर्य मंदिर छठ पूजा समिति एवं संस्कृति विहार परिवार की ओर से उपस्थित सभी पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्कृति विहार परिवार के संयोजक प्रमोद सिंह, भुदाता के पुत्र राम दुर्लभ सिंह मुंडा, छठ पूजा समिति के संयोजक अरुण जैन, सह-संयोजक सत्यनारायण भगत तथा समाजसेवी रोशन महतो सहित समिति के कई संरक्षक एवं सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में छठ महापर्व के दौरान प्रशासन और पूजा समिति के बीच बेहतर समन्वय बनाकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
Blog





