एक प्रखंड पर निर्भर 144 गांव, ग्रामीणों की परेशानी देख ललित महतो ने उठाई नए प्रखंड की मांग
*तमाड़।* 23 पंचायत, 144 गांव और 1.54 लाख से अधिक आबादी वाले तमाड़ को दो हिस्सों में बांटकर नया प्रखंड गठित करने की मांग तेज हो गई है। पांच परगना फाइटर्स के केंद्रीय अध्यक्ष ललित कुमार महतो ने सरकार और जिला प्रशासन से पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
ललित महतो ने कहा कि 613 वर्ग किमी से अधिक क्षेत्रफल वाले तमाड़ में एक ही प्रखंड कार्यालय होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। आय, जाति, आवास प्रमाण-पत्र, पेंशन, दाखिल-खारिज जैसे कामों के लिए दूर-दराज के गांवों से लोगों को बार-बार प्रखंड आना पड़ता है, जिससे समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को सबसे ज्यादा दिक्कत होती है।
उन्होंने बुंडू से तुलना करते हुए कहा कि बुंडू में 11 पंचायत और 88 गांव हैं और 2011 में आबादी 82,975 थी, जबकि तमाड़ में 23 पंचायत, 144 गांव और 1.54 लाख से ज्यादा आबादी है। बावजूद इसके तमाड़ आज भी एक ही प्रखंड पर निर्भर है।
उन्होंने जिला प्रशासन से सर्वे कराकर नया प्रखंड गठन का प्रस्ताव सरकार को भेजने और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।
Blog





