नेहालगड़ा के समीप बाइक हादसे में एक की मौत, तीन गंभीर
बुंडू: दशम फॉल थाना क्षेत्र के नेहालगड़ा के समीप शनिवार शाम एक बाइक के अनियंत्रित होकर गिर जाने से उस पर सवार चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए बुंडू अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने 45 वर्षीय मोहन उरांव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, तीन अन्य गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के सदर अस्पताल भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, चारों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर निजी काम से तैमारा से बुंडू के नावाडी गए थे। शाम को नावाडी से वापस तैमारा लौटने के दौरान नेहालगड़ा के समीप उनकी बाइक असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बाइक पर सवार चारों लोग घायल हो गए। घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना प्रभारी कुंदन कुमार मौके पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। उन्होंने घटना की जानकारी अपने वरीय अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश भी घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने बताया कि चार लोग एक ही बाइक पर सवार होकर निजी काम से गए थे और लौटने के दौरान बाइक असंतुलित होकर गिर गई। पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा जाएगा।
Blog