नूरीडीह में उमड़ा आस्था का सैलाब, शनिदेव मंदिर में महिलाओं की रही सबसे ज्यादा भीड़*

*तमाड़।* नूरीडीह गांव स्थित भगवान श्री शनिदेव महाराज के मंदिर में शनिवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शनिदेव की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए सुबह होने से पहले ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। दिन चढ़ते-चढ़ते मंदिर परिसर में भक्तों की संख्या बढ़ती चली गई।

तमाड़ समेत आसपास के कई प्रखंडों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे। दर्शन के लिए आने वालों में महिलाओं की संख्या सबसे अधिक रही। अनुमान के मुताबिक कुल श्रद्धालुओं में करीब 90 प्रतिशत महिलाएं और 10 प्रतिशत पुरुष शामिल थे।

महिलाएं अपने छोटे-छोटे बच्चों को लेकर मंदिर पहुंचीं और शनिदेव महाराज के सामने माथा टेककर परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती भीड़ से मंदिर परिसर और आसपास का पूरा इलाका भक्तिमय हो गया।

शनिवार को नूरीडीह में शनिदेव महाराज के प्रति लोगों की गहरी आस्था साफ देखने को मिली।
JAY PRAKASH DAS JAY PRAKASH DAS · 14-11-2026 09:23 PM · 📍 Ranchi
Tags
Public Issues Ranchi News