टेंट खोलने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत
तमाड़: तमाड़ थाना क्षेत्र के चायाडीह गांव निवासी (30 )वर्षीय सुनील महतो की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुनील महतो टेंट हाउस का कार्य करते थे। उन्होंने डेरो गांव में आयोजित एक शादी समारोह में टेंट लगाया था। समारोह समाप्त होने के बाद वह टेंट खोलने का काम कर रहे थे।
बताया जाता है कि सुनील महतो मकान की छत पर चढ़कर टेंट खोल रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क 1100 वोल्ट के विद्युत तार से हो गया, जिससे उन्हें जोरदार करंट लग गया। करंट लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर नीचे गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें आनन-फानन में बोलेरो वाहन से बुंडू अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर तमाड़ थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
सुनील महतो की असामयिक मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है। वहीं पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।


Blog
