रांची | रांची से इस वक्त एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। कोतवाली थाने के पीछे एक पुरानी और जर्जर पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, इस पुरानी पानी की टंकी को तोड़ने का काम करीब एक महीने से चल रहा था। हादसे के वक्त मजदूर टंकी के अलग-अलग हिस्सों पर काम कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि मजदूर टंकी के पिलर में मौजूद लोहे की छड़ों को कटर मशीन से काट रहे थे। इसी दौरान अलग-अलग जगहों पर छड़ काटे जाने से टंकी का संतुलन बिगड़ गया और पूरी संरचना अचानक नीचे आ गिरी।

टंकी गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। मलबे को हटाने और मजदूरों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

हादसा इतना गंभीर था कि मलबा काफी भारी था और उसे हटाने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एक गंभीर रूप से घायल मजदूर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मृत मजदूरों के शव पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजे गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टंकी गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ पल के लिए ऐसा लगा जैसे कोई बड़ा धमाका हुआ हो।

मृतकों की पहचान सत्या भुइयां और मैथली शरण महतो के रूप में बताई गई है। दोनों चतरा के रहने वाले थे।

फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर सामने आई शुरुआती जानकारी में टंकी के ढांचे का संतुलन बिगड़ना बताया जा रहा है। पूरे मामले में आगे की जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Desk Desk · 10-09-2026 11:21 AM · 📍 Ranchi
Tags
Infrastructure Ranchi News