बुंडू। बिजली विभाग द्वारा डिजिटल मीटर लगाने के विरोध में शनिवार को आजसू पार्टी के बैनर तले जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिला वरीय उपाध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिजली कार्यालय पहुंचे और लगाए गए डिजिटल मीटर को हटाने के लिए आवेदन जमा करने लगे। सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ आवेदन लेकर कार्यालय पहुंचती रही। विभागीय कर्मचारियों ने आवेदन तो ले लिए। लेकिन पावती रसीद देने से इनकार कर दिया। इससे आक्रोशित उपभोक्ताओं ने तत्काल इसकी सूचना आजसू नेताओं को दी। सूचना मिलते ही राजकिशोर कुशवाहा अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन की सूचना पर विभाग के एसडीओ भी मौके पर पहुंचे और आजसू नेताओं के साथ वार्ता की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग को झुकना पड़ा और तत्काल प्रभाव से आवेदन की विधिवत पावती देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
इसके बाद मौके पर मौजूद सैकड़ों उपभोक्ताओं ने अपने आवेदन जमा कर पावती रसीद प्राप्त की।
राजकिशोर कुशवाहा ने कहा कि 4 मई को अधिक से अधिक संख्या में बिजली कार्यालय पहुंचकर आवेदन जमा करने की अपील की। साथ ही गलत बिजली बिल सुधार के लिए लगाए जा रहे विशेष कैंप का लाभ उठाने का भी आग्रह किया। मौके पर मो. सेराज, रमन सिंह, दीपक साहू, आकाश महतो, अभिषेक गोराई, संदीप साहू, महावीर नंदी, अनूप दत्ता, कालीपद महतो, हरिहर महतो एवं भयभंजन महतो सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Blog




