डीएसपी ओम प्रकाश ने सभी थानों में परखी जन शिकायतों की हकीकत, 15 मामलों में 8 का त्वरित निष्पादन

बुंडू: बुंडू अनुमंडल अंतर्गत गुरुवार को सभी थाना परिसरों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का निरीक्षण अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) ओम प्रकाश ने विभिन्न थानों का दौरा कर किया। इस दौरान उन्होंने शिकायतों की सुनवाई, निष्पादन की प्रक्रिया तथा फरियादियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। डीएसपी ओम प्रकाश ने बताया कि पूरे बुंडू अनुमंडल के विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें पारिवारिक विवाद, मारपीट, डायन-बिसाही सहित अन्य मामले शामिल थे। मौके पर समाधान योग्य मामलों का तत्काल निष्पादन कर दिया गया, जबकि एक मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई और एक अन्य मामले को जांच में लिया गया है। शेष मामलों में भी नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जन शिकायत समाधान कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों को थाना स्तर पर त्वरित न्याय उपलब्ध कराना, छोटी-छोटी शिकायतों का स्थानीय स्तर पर निपटारा करना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत बनाना है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पारदर्शी एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
JAY PRAKASH DAS JAY PRAKASH DAS · 23-07-2026 08:56 PM · 📍 Ranchi
Tags
Government Ranchi News