गुमला: जिले के घाघरा प्रखंड स्थित कुहीपाट पंचायत के गुनिया गांव में सड़क की बदहाली ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के बाद गांव की मिट्टी-मोरम सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो गई, जिसके कारण वाहनों का गांव तक पहुंचना मुश्किल हो गया।

इसी परेशानी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें ग्रामीण एक गर्भवती महिला को दउरी के सहारे मुख्य सड़क तक ले जाते नजर आ रहे हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन महिला के घर तक नहीं पहुंच सका, जिसके बाद ग्रामीणों को उसे पैदल ही बाहर लाना पड़ा।

ग्रामीणों के मुताबिक सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं और बारिश के बाद कीचड़ जमा हो जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इसका सबसे ज्यादा असर मरीजों और गर्भवती महिलाओं पर पड़ता है, जिन्हें आपात स्थिति में मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों की मदद लेनी पड़ती है।

बताया गया कि पंचायत मद से करीब दो महीने पहले इस मिट्टी-मोरम सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन बारिश के बाद इसकी स्थिति फिर खराब हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में टिकाऊ और पक्की सड़क नहीं होने के कारण हर बरसात में ऐसी समस्या सामने आती है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराकर स्थायी समाधान की मांग की है।

Desk Desk · 04-10-2026 11:53 AM · 📍 Gumla
Tags
Government Gumla News