गोईलकेरा (पश्चिमी सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोईलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में झाड़-फूंक करने पहुंचे एक पुजारी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे की बताई जा रही है। हत्या का आरोप उसी युवक पर है, जिसके घर पुजारी इलाज के लिए पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय पुजारी गोरा अंगरिया मंगलवार रात डाकुवा मुखी राम अंगरिया और कुछ ग्रामीणों के साथ 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया के घर पहुंचे थे। ग्रामीणों के मुताबिक पोंडे राम पिछले कुछ दिनों से असामान्य व्यवहार कर रहा था। परिवार झाड़-फूंक के जरिए उसे ठीक कराने का प्रयास कर रहा था।
पूजा-पाठ के बाद अधिकांश ग्रामीण अपने घर लौट गए, जबकि पुजारी और डाकुवा मुखी राम वहीं रुक गए। दोनों उसी कमरे में सोए थे, जहां पोंडे राम भी मौजूद था। आरोप है कि तड़के पोंडे राम ने सो रहे पुजारी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद वह मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
Blog





