रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शहरों में फुटपाथी दुकानदारों को व्यवस्थित जगह उपलब्ध कराने के लिए हर वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि इससे सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित किया जा सकेगा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पथ निर्माण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को सभी योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रांची के आधुनिक विकास पर चर्चा
बैठक में रांची के रोड नेटवर्क, फ्लाईओवर, पार्क, चौक-चौराहों, ड्रेनेज सिस्टम और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने शहर के बढ़ते विस्तार और आबादी को देखते हुए दीर्घकालिक मास्टर प्लान और समग्र विकास योजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक और व्यवस्थित शहरों का विकास केवल रांची तक सीमित न रहे, बल्कि राज्य के अन्य प्रमुख शहरों पर भी ध्यान दिया जाए।
यातायात और केबल तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने रांची में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए शहर में चलने वाली बसों, उनके रूट और समय-सारणी का व्यवस्थित डेटा तैयार करने को कहा। अनावश्यक सड़क कटों को बंद करने और निर्धारित स्थानों पर सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया।
इसके अलावा सड़कों और गलियों में लटक रहे बिजली, टेलीकॉम और अन्य केबल तारों को व्यवस्थित करने तथा अव्यवस्थित तारों को नियमानुसार हटाने पर भी जोर दिया गया।
Blog





