रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों टीमें बुधवार को रांची पहुंचेंगी और एयरपोर्ट से सीधे होटल जाएंगी। खिलाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए एयरपोर्ट, होटल और स्टेडियम के बीच विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
मुकाबले को देखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने 9 अक्टूबर के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक भारी और मालवाहक वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। ऐसे वाहनों को रिंग रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाने की सलाह दी गई है।
कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
मैच के दौरान सुजाता चौक, बिग बाजार कटिंग, राजेंद्र चौक, एजी मोड़, पीएस मोड़, आईलेक्स कटिंग, हिनू चौक, बिरसा चौक, एचईसी गेट, पुराना विधानसभा, धुर्वा गोलचक्कर, शहीद चौक, देवेंद्र मांझी चौक, कडरू ब्रिज और अरगोड़ा चौक के बीच छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो, टोटो और यात्री वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
इसके अलावा शालीमार चौक से जेएससीए स्टेडियम के नॉर्थ गेट तक सामान्य वाहनों के परिचालन पर भी रोक रहेगी। जरूरत पड़ने पर पुलिस अन्य मार्गों पर भी अस्थायी डायवर्जन या रोक लगा सकती है।
दर्शकों के लिए अलग-अलग पार्किंग व्यवस्था
मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए टिकट के अनुसार पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सामान्य वाहनों के लिए सखुआ बागान, धुर्वा गोलचक्कर मैदान, डीएवी स्कूल मैदान, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम, मियां मार्केट, संत थॉमस स्कूल, प्रभात तारा मैदान और हेलिपैड मैदान सहित कई स्थानों पर पार्किंग उपलब्ध रहेगी।
नया सराय और रिंग रोड की ओर से आने वाले दर्शक हाईकोर्ट के सामने हेलिपैड मैदान में वाहन पार्क कर सकते हैं। वहां से तिरिल मोड़ होते हुए पैदल जेएससीए स्टेडियम के नॉर्थ गेट तक जाने की व्यवस्था रहेगी।
वहीं, वीआईपी और वीवीआईपी पास वाले वाहनों के लिए अलग प्रवेश मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
मैच के बाद भीड़ से बचने के लिए वैकल्पिक रास्ते
मैच समाप्त होने के बाद स्टेडियम और आसपास के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए दर्शकों और वाहन चालकों को रिंग रोड तथा नया सराय की ओर जाने वाले वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
रातू, मांडर और चान्हो जाने वाले वाहन तिरिल-कुटे-नवाटोली होते हुए नया सराय और रिंग रोड का रास्ता अपना सकेंगे। नगड़ी, इटकी और बेड़ो के लिए भी रिंग रोड का इस्तेमाल किया जा सकेगा। वहीं कांके, पिठोरिया और ओरमांझी जाने वाले वाहन नया सराय और रिंग रोड होते हुए तिलता चौक की ओर जा सकेंगे।
दोनों टीमें आज रांची पहुंचेंगी
भारत और वेस्टइंडीज की टीमें बुधवार दोपहर करीब 3:40 बजे विशेष विमान से रांची पहुंचेंगी। एयरपोर्ट से दोनों टीमों को सीधे होटल ले जाया जाएगा। 8 अक्टूबर को दोनों टीमों के जेएससीए स्टेडियम में अभ्यास करने की योजना है, जबकि दूसरा टी20 मुकाबला 9 अक्टूबर को शाम 7 बजे खेला जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस और जिला प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि मैच वाले दिन घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी जरूर ले लें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
Blog





