बुंडू के सूर्य मंदिर में छठ महापर्व की ,संध्या अर्घ्य पर उमड़ा आस्था का सैलाब*

*बुंडू।* बुंडू थाना क्षेत्र स्थित सूर्य मंदिर में छठ महापर्व के अवसर पर संध्या अर्घ्य बड़ी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। संध्या अर्घ्य के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु सूर्य मंदिर पहुंचे थे। पूरा मंदिर परिसर और आसपास का इलाका छठी मइया के गीतों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा।
संध्या अर्घ्य से कफी पहले ही व्रती महिलाएं और पुरुष अपने परिवार के साथ घाट पर पहुंच गए थे। व्रतियों ने नदी और तालाब के पवित्र जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। टोकरी में सजे ठेकुआ, फल, फूल, नारियल, गन्ना और अन्य पूजा सामग्री के साथ श्रद्धालुओं ने सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और संतान की लंबी उम्र की कामना की।
इस दौरान सूर्य मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। महिलाएं पारंपरिक परिधान में छठ गीत गाते हुए घाट तक पहुंचीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में छठ पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में भक्त यहां अर्घ्य देने पहुंचे थे।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से भी पुख्ता व्यवस्था की गई थी। घाट पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। वहीं श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेडिकल टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर तैनात रही।
प्रशासन की व्यवस्था और श्रद्धालुओं के अनुशासन के कारण संध्या अर्घ्य का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। अब श्रद्धालु कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर अपने व्रत का पारण करेंगे।
JAY PRAKASH DAS JAY PRAKASH DAS · 15-11-2026 06:02 PM · 📍 Ranchi
Tags
Weather Ranchi News