बुंडू। टोल प्लाजा में नई प्रबंधन कंपनी द्वारा स्थानीय वाहनों से टोल वसूली और पुराने समझौता के उल्लंघन के विरोध में आजसू पार्टी के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन किया गया। आंदोलन में नव चालक संघ सहित बुंडू, तमाड़, सोनाहातू, राहे और अड़की क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।
आजसू पार्टी के रांची जिला वरीय उपाध्यक्ष राजकिशोर कुशवाहा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल टोल प्लाजा पहुंचा और टोल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि पूर्व में हुए समझौते के तहत स्थानीय निजी वाहनों को टोल फ्री सुविधा दी गई थी, लेकिन नई कंपनी केवल एक माह का पास बनाकर लोगों को हर महीने नई एंट्री के लिए बाध्य कर रही है। साथ ही कई स्थानीय वाहन चालकों से मासिक शुल्क भी मांगा जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने टोल प्रबंधन से मांग की कि बुंडू, तमाड़, सोनाहातू, राहे और अड़की के निजी वाहनों के लिए एक वर्ष का जीरो बैलेंस पास जारी किया जाए। इसके अलावा व्यावसायिक वाहनों से पुरानी दर पर ही टोल वसूला जाए तथा कर्मचारियों को पहले की तरह पीएफ, ईएसआई और महीने में चार दिन का अवकाश दिया जाए।
वार्ता के दौरान कंपनी के जीएम ने मांगों को उचित बताते हुए पूर्व व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया। मामले की जानकारी एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और बुंडू एसडीओ को भी दी गई।
राजकिशोर कुशवाहा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगों को जल्द लागू नहीं किया गया तो आजसू पार्टी और ग्रामीण उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के अधिकारों से समझौता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


Blog





