भुरकुंडा/रामगढ़: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी भुरकुंडा मंडल की ओर से रिवर साइड स्थित गुरुद्वारा परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
विधायक चौधरी ने सबसे पहले गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं है। यह आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण देने की हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आज पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और हर व्यक्ति को इसमें सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान, झारखंड प्रदेश ओबीसी मोर्चा उत्तरी छोटानागपुर संगठन प्रभारी योगेश दांगी, मंडल महामंत्री ज्योति सिंह एवं राजेश सोनी समेत मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना तथा समाज के सभी वर्गों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था।


Blog





