लोहरदगा: नालसा, नई दिल्ली एवं झालसा, रांची के निर्देश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) लोहरदगा के अध्यक्ष श्री राजकमल मिश्रा एवं सचिव श्री मनोरंजन कुमार के मार्गदर्शन में मंगलवार को किसको प्रखंड कार्यालय के समीप एवं किसको बाजार में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पीएलवी शाहिद हुसैन एवं इजहार अहमद ने एलईडी वैन के माध्यम से आम लोगों को विभिन्न कानूनी अधिकारों एवं योजनाओं की जानकारी दी। एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित सामग्री के जरिए लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, पारिवारिक एवं आपसी विवादों के समाधान, महिलाओं और बच्चों के अधिकारों तथा सड़क दुर्घटना से जुड़े मामलों की जानकारी दी गई।
इसके अलावा नशा मुक्ति, डायन प्रथा उन्मूलन तथा अन्य सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों के बीच विधिक जानकारी से संबंधित बुकलेट एवं पंपलेट का भी वितरण किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और विधिक सेवाओं एवं अपने अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से आमजन तक कानूनी जागरूकता पहुंचाने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।


Blog





