तमाड़ में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गिट्टी लोड 9 हाईवा जब्त, जांच जारी

तमाड़: तमाड़ थाना क्षेत्र में रविवार देर रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुरचुडीह स्थित एक क्रेशर से गिट्टी लोड कर नेशनल हाईवे की ओर जा रहे 9 हाईवा वाहनों को जब्त कर लिया। सभी वाहनों को तमाड़ थाना परिसर लाकर खड़ा किया गया है।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने हाईवे पर वाहन जांच अभियान के दौरान इन हाईवा को रोककर उनके दस्तावेजों और चालान की जांच शुरू की। इसके बाद सभी नौ वाहनों को आगे की जांच के लिए थाना भेज दिया गया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के क्रेशर संचालकों और परिवहन कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षेत्र के कुछ क्रेशरों से अवैध खनिज परिवहन और नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी क्रम में प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।

फिलहाल प्रशासन यह जांच कर रहा है कि जब्त किए गए वाहनों के पास वैध चालान, परिवहन परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेज मौजूद थे या नहीं। अधिकारियों के अनुसार सभी कागजातों की बारीकी से जांच की जा रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि वाहनों को किस विशेष आधार पर जब्त किया गया है।

पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह तय होगा कि संबंधित वाहन मालिकों और क्रेशर संचालकों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी नौ हाईवा तमाड़ थाना परिसर में खड़े हैं।
JAY PRAKASH DAS JAY PRAKASH DAS · 20-07-2026 03:38 PM · 📍 Ranchi
Tags
Agriculture Ranchi News